अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचाने की अपील का खुलकर समर्थन किया है। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच बढ़ते वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए पीएम मोदी ने हाल ही में देशवासियों से आने वाले एक साल तक ऊर्जा बचाने की अपील की थी। अब कमल हासन ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देकर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
शुक्रवार को कमल हासन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने देश की ऊर्जा स्थिति और जिम्मेदार नागरिक होने की जरूरत पर जोर दिया। वीडियो में उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में राष्ट्रीय जिम्मेदारी राजनीति से कहीं ऊपर होनी चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री Atal Bihari Vajpayee के मशहूर बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश हमेशा बना रहता है। हासन का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कमल हासन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में हुई प्रगति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने नवीकरणीय और परमाणु ऊर्जा में जो निवेश किया है, वह देश को विदेशी तेल और गैस पर निर्भरता कम करने में मदद करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ आम जनता से त्याग की उम्मीद करना पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक केंद्र और राज्य सरकारों को भी जनता पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अभिनेता-राजनेता ने सुझाव दिया कि पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैट जैसे राज्य करों में कटौती की जानी चाहिए। इसके अलावा ट्रेन, मेट्रो और बस किराए कम करने की भी मांग की ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उन्होंने पीएम मोदी से सभी मुख्यमंत्रियों की एक राष्ट्रीय बैठक बुलाने का आग्रह किया ताकि ऊर्जा संकट से निपटने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई जा सके। कमल हासन का मानना है कि अगर देश एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करेगा, तो भारत और मजबूत बनकर उभरेगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कमल हासन आखिरी बार फिल्म ठग लाइफ में नजर आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। आने वाले समय में वह रजनीकांत के साथ थलइवर 173 में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह सेयोन और KH 237 जैसी फिल्मों का भी हिस्सा हैं, जिनका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Check Out The Post:-