जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में एक विदेशी महिला के साथ अभद्रता की घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। मामला जलमहल क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां कुछ युवकों ने सेल्फी लेने के बहाने महिला के साथ गलत व्यवहार किया।
वायरल वीडियो में नजर आता है कि युवक महिला को चारों तरफ से घेर लेते हैं और उसके साथ जबरदस्ती सेल्फी लेने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान एक युवक उसके गले में हाथ डालकर उसे अपनी ओर खींचता है। महिला असहज दिखती है और वहां से निकलने की कोशिश करती हुई नजर आती है।
बताया जा रहा है कि युवकों ने खुद ही इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से वीडियो की पड़ताल की जा रही है और इसमें शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी हेमंत जनागल के अनुसार, महिला की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वीडियो में दिखाई दे रही हरकतों को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।