जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। करधनी थाना क्षेत्र में निवारू पुलिया के पास एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में बंद अधजला शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की हत्या कहीं और की गई थी और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया। पहचान छिपाने के लिए शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की गई, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, इसी दौरान मृतक की पत्नी नोक्षम ने अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिससे पुलिस का शक उसी पर गया।
कड़ी पूछताछ में पत्नी ने आखिरकार अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति रोज शराब पीकर मारपीट करता था। बुधवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में उसने हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची।
आरोपी महिला ने शव को कचरा गाड़ी में डालकर निवारू रोड के खाली प्लॉट में फेंका और पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके। पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी मृतक शेख सहान जयपुर के खोरा बीसल इलाके में मजदूरी करता था। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दिन उसकी हत्या हुई, उसी दिन उसका जन्मदिन भी था। फिलहाल पुलिस आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच कर रही है।