जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में रविवार रात हुए एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में महिला लेक्चरर की मौत हो गई। घटना जगतपुरा इलाके में सीबीआई फाटक के पास हुई, जहां ओवर स्पीड कार ने सड़क पर वॉक कर रहे दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
रामनगरिया थाना पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भावना वशिष्ट के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट कॉलेज में लेक्चरर थीं। रविवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने पति मुकुल के साथ खाना खाने के बाद टहलने निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान भावना वशिष्ट की मौत हो गई, जबकि उनके पति को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रामनगरिया थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।