जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर से मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में उड़ान भरते ही तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिससे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान भरने के सिर्फ 18 मिनट बाद ही पायलट को गड़बड़ी का अहसास हुआ और उसने जयपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से तत्काल लौटने की इजाजत मांगी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-612 ने दोपहर 1:58 बजे टेकऑफ किया था और 2:16 बजे सुरक्षित लैंडिंग हुई। सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
घटना की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं बुधवार देर रात दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली एक और एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट टेकऑफ से पहले ही रुक गई। पायलट को कॉकपिट की स्क्रीन में तकनीकी खराबी दिखाई दी, जिससे उड़ान रद्द करनी पड़ी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक भारत की 5 एयरलाइंस ने कुल 183 तकनीकी खामियों की जानकारी डीजीसीए को दी है। इसमें से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के खातों में सबसे ज्यादा 85 केस दर्ज हुए हैं। इंडिगो ने 62, अकासा एयर ने 28 और स्पाइसजेट ने 8 घटनाओं की रिपोर्ट दी है।
हालांकि पिछले सालों के मुकाबले यह संख्या थोड़ी घटी है। 2024 में जहां 421 तकनीकी गड़बड़ियों की जानकारी मिली थी, वहीं 2023 में यह आंकड़ा 448 और 2022 में 528 था। इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाओं से यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या एयर सेफ्टी को लेकर पर्याप्त उपाय किए जा रहे हैं।