जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान के लग्जरी हॉस्पिटैलिटी और डेस्टिनेशन वेडिंग सेक्टर को बड़ा बढ़ावा देते हुए रवि सूर्य ग्रुप ने अनंता स्पा एंड रिजॉर्ट जयपुर के शुभारंभ की घोषणा की है। ब्लैक रॉक होटल्स एंड रिजॉर्ट्स द्वारा संचालित यह परियोजना राजस्थान के सबसे बड़े लग्जरी रिजॉर्ट्स में शामिल है। अरावली की वादियों में फैले 40 एकड़ क्षेत्र में बने इस रिजॉर्ट में 351 कमरे, सुइट्स और विला मौजूद हैं।
दिल्ली-जयपुर हाईवे के निकट स्थित यह रिजॉर्ट जापानी प्रेरित डिजाइन और राजस्थानी आतिथ्य का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है। इसे भारत का पहला बड़े पैमाने का जापानी थीम आधारित लग्जरी रिजॉर्ट इकोसिस्टम बताया जा रहा है, जो पारंपरिक महलों और हेरिटेज होटलों से अलग एक नया अनुभव प्रदान करेगा।
रिजॉर्ट में डेस्टिनेशन वेडिंग और बड़े आयोजनों के लिए 12 इवेंट वेन्यू, विशाल लॉन्स, वेलनेस सेंटर, लग्जरी स्पा, किड्स जोन और कई सेलिब्रेशन स्पेस विकसित किए गए हैं। इसकी 19,000 वर्गफुट की ‘सकुरा बॉलरूम’ और 70,000 वर्गफुट का ‘सुइजिन लॉन’ विशेष आकर्षण हैं। इसके अलावा पारंपरिक बारात और विवाह समारोहों के लिए 16 स्तंभों वाला विशेष पैगोडा भी बनाया गया है।
रवि सूर्य ग्रुप के चेयरमैन रविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अनंता जयपुर को केवल एक लग्जरी रिजॉर्ट नहीं बल्कि ऐसा डेस्टिनेशन बनाने की सोच के साथ विकसित किया गया है, जहां मेहमान प्रकृति, उत्सव और आराम का एक साथ अनुभव कर सकें।
वहीं गौरव मुद्गल ने कहा कि यह रिजॉर्ट अवकाश, कॉर्पोरेट कार्यक्रमों और भव्य शादियों के लिए एक सम्पूर्ण डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है।
जापानी ‘ओमोतनाशी’ आतिथ्य दर्शन से प्रेरित इस रिजॉर्ट में ज़ेन गार्डन, वॉटरफॉल, प्लंज पूल, ‘इनोरी टेम्पल’, ‘किस्सातेन टी लाउंज’ और शाकाहारी फाइन डाइनिंग रेस्तरां ‘शियो कोशो’ जैसी विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा ईवी चार्जिंग स्टेशन, फिटनेस सेंटर, स्पा, सैलून और बच्चों के लिए आधुनिक मनोरंजन क्षेत्र भी बनाए गए हैं।
जयपुर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन से लगभग एक घंटे की दूरी पर स्थित यह रिजॉर्ट आमेर किला, जयगढ़ किला और नाहरगढ़ किला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के करीब है।