जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में रियल एस्टेट कंपनी अशियाना हाउसिंग ने बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। कंपनी यहां करीब 560 करोड़ रुपये की लागत से एक प्रीमियम रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट विकसित करेगी। इस प्रोजेक्ट का नाम ‘अशियाना ओमा’ रखा गया है, जिसकी शुरुआत पहले चरण से कर दी गई है।
करीब 10.35 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट के पहले फेज में 280 आवासीय यूनिट्स बनाई जाएंगी, जबकि पूरे प्रोजेक्ट में कुल 490 यूनिट्स विकसित होंगी। कंपनी के अनुसार यह एक जॉइंट वेंचर प्रोजेक्ट है, जिसे डेवलपमेंट पार्टनर के साथ रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर तैयार किया जा रहा है।
अशियाना हाउसिंग ने बताया कि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 558.60 करोड़ रुपये है, जबकि पहले चरण में लगभग 186.78 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि जयपुर में प्रीमियम और बड़े घरों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट को डिजाइन किया गया है।
अशियाना हाउसिंग के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अंकुर गुप्ता ने कहा कि यह प्रोजेक्ट खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जो बेहतर लाइफस्टाइल सुविधाओं के साथ प्रीमियम आवास की तलाश में हैं। दिल्ली स्थित अशियाना हाउसिंग देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में शामिल है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर विकसित करने में भी कंपनी की खास पहचान है।