जयपुर में इबोला का पहला संदिग्ध मामला, युगांडा से आई युवती आइसोलेशन में भर्ती

Photo Source : Google

Posted On:Friday, June 5, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में इबोला वायरस का पहला संदिग्ध मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। युगांडा से जयपुर पहुंची 19 वर्षीय युवती में इबोला संक्रमण जैसे लक्षण पाए गए हैं। शुक्रवार सुबह शारजाह से जयपुर पहुंची युवती को एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध माना गया, जिसके बाद उसे राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) अस्पताल में भर्ती कर आइसोलेशन में रखा गया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल युवती में इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि उसके मेडिकल इतिहास में पिछले एक महीने से पेट दर्द और भूख न लगने की शिकायत दर्ज है। वर्तमान में उसे सिरदर्द की भी समस्या है। एहतियात के तौर पर उसका एक सैंपल जांच के लिए पुणे भेजा गया है, जबकि दूसरा सैंपल 48 घंटे बाद भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने तक युवती को क्वारंटाइन में रखा जाएगा।

आरयूएचएस के चिकित्सकों ने बताया कि मरीज के उपचार और निगरानी के लिए विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है, जिसमें मेडिसिन, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, सर्जरी और बायोकेमिस्ट्री विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं। अस्पताल में 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं, युवती के साथ यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी सतर्क रहने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत में अब तक इबोला वायरस का कोई पुष्ट मामला दर्ज नहीं हुआ है। केंद्र सरकार ने प्रभावित देशों की अनावश्यक यात्रा से बचने, एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध मरीजों की त्वरित जांच एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। युवती की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.