जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में होली के तुरंत बाद गर्मी ने अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे मार्च के शुरुआती दिनों में ही मई जैसी तपिश महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ा। जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं गंगानगर में तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में यह सामान्य से करीब 7.5 डिग्री ऊपर रहा। प्रमुख शहरों की बात करें तो जयपुर में 36 डिग्री, बीकानेर में 36.9 और चूरू में 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। बाड़मेर जिले में 9 और 10 मार्च को तेज लू चलने की आशंका जताई गई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जैसलमेर, बालोतरा और आसपास के क्षेत्रों में भी हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर में सक्रिय एक मजबूत एंटी-साइक्लोन सिस्टम के कारण राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में इस साल गर्मी ने समय से पहले दस्तक दी है। हालांकि दिन में तेज गर्मी के बावजूद रात के समय मौसम अभी कुछ राहत दे रहा है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है।