जयपुर न्यूज डेस्क: श्रावण मास की शुरुआत पर राजधानी जयपुर पूरी तरह शिवमय हो गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिटी महल स्थित श्री राजराजेश्वर शिव मंदिर में भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने परंपरागत ढंग से जल और दूध से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और पूजा-अर्चना की।
सुबह मंदिर परिसर में वेद मंत्रों की गूंज और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच पूरा माहौल आध्यात्मिक हो गया। उपमुख्यमंत्री ने हाथ में जल कलश लेकर श्रद्धा भाव से शिवलिंग का पूजन किया। मंदिर परिसर शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। इस विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और कन्याएं भी पूजा में शामिल हुईं।
दिया कुमारी ने इस मौके पर कहा कि सावन का यह पवित्र महीना आत्मिक ऊर्जा, साधना और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने भगवान शिव से पूरे राजस्थान में उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली और शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को सावन की शुभकामनाएं देते हुए इसे आत्मनिरीक्षण और परोपकार का समय बताया।
श्रावण मास के पहले दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी भोलेनाथ के मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। सीएम ने प्रदेश की उन्नति और शांति के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा और सभी को श्रावण मास की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।