जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के पॉश इलाके जगतपुरा में उस समय दहशत फैल गई जब झालाना लेपर्ड रिजर्व से निकलकर एक वयस्क तेंदुआ घनी आबादी वाली पाम कॉलोनी में पहुंच गया। देर रात कॉलोनी की सड़कों पर खुलेआम घूमते तेंदुए का वीडियो एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल है।
माना जा रहा है कि भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण तेंदुआ शिकार और पानी की तलाश में रिहायशी इलाके तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। पाम कॉलोनी और झालाना क्षेत्र से जुड़े सभी संवेदनशील रास्तों पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए के दोबारा आबादी वाले इलाके में लौटने की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए कॉलोनी के आसपास पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है। विभाग की टीम तेंदुए की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।
सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की गई है। लोगों को रात में अकेले बाहर न निकलने, घरों के दरवाजे बंद रखने और बच्चों व पालतू जानवरों को बाहर अकेला न छोड़ने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि झालाना लेपर्ड रिजर्व के आसपास तेजी से बढ़ते शहरीकरण और जंगलों में इंसानी दखल के कारण वन्यजीवों के प्राकृतिक रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। गर्मियों में जलस्रोत सूखने के चलते जंगली जानवर आबादी की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। विशेषज्ञों ने जंगलों के भीतर पानी और संसाधनों की बेहतर व्यवस्था करने की जरूरत बताई है, ताकि इंसानों और वन्यजीवों के बीच टकराव को रोका जा सके।