जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक मामूली विवाद ने बड़ा हादसा ले लिया। पत्रकार कॉलोनी स्थित पटेल मार्ग पर मंगलवार सुबह गली में टेंपो लाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते जानलेवा बन गया, जिसमें 68 वर्षीय विजेंद्र सिंह की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
जानकारी के अनुसार, विजेंद्र सिंह रिटायर्ड बैंक कर्मचारी थे और अपने परिवार के साथ यहां रहते थे। सुबह करीब 8 बजे उनके पड़ोसी छोटे लाल सैनी ने एक टेंपो ट्रैवलर मंगवाया था, लेकिन गली संकरी होने के कारण विजेंद्र सिंह के परिवार ने वाहन अंदर लाने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद धीरे-धीरे बढ़कर धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान विजेंद्र सिंह संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। घटना के बाद आरोपी पड़ोसी छोटे लाल और उनकी पत्नी मौके से भाग निकले, जबकि टेंपो चालक भी वाहन लेकर फरार हो गया।
परिजन विजेंद्र सिंह को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि झगड़े के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है।