जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच सकता है, जबकि फिलहाल कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। उदयपुर में शुक्रवार तड़के बारिश हुई, वहीं जयपुर में गुरुवार रातभर रुक-रुककर बरसात होती रही। मौसम विभाग ने 7 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
प्री-मानसून की सक्रियता के बीच धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा में अंधड़ और खराब मौसम से जुड़े हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। भरतपुर जिले के झोरोल गांव में तेज आंधी के दौरान निर्माणाधीन दीवार गिरने से 55 वर्षीय इंद्रा देवी की मौत हो गई, जबकि उनका दिव्यांग बेटा घायल हो गया। वहीं धौलपुर के बसेड़ी क्षेत्र में दीवार गिरने से दो सगे भाइयों की जान चली गई। भीलवाड़ा में तेज अंधड़ के दौरान उड़कर आई लोहे की चादर लगने से 45 वर्षीय देवीलाल धाकड़ की मौत हो गई।
गुरुवार को हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, झुंझुनूं और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली। कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हनुमानगढ़ के नोहर और चूरू के तारानगर क्षेत्र में तूफानी बारिश देखने को मिली। बीकानेर में एक सरकारी स्कूल की छत भी गिर गई, हालांकि स्कूल में अवकाश होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
मौसम में आए बदलाव से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस भी महसूस की जा रही है। कोटा, उदयपुर, जयपुर और चित्तौड़गढ़ में आर्द्रता का स्तर 50 से 70 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 22 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।