जयपुर न्यूज डेस्क: मौसम विभाग जयपुर ने आगामी दो सप्ताह का संभावित मौसम बुलेटिन जारी किया है। इसके अनुसार, 10 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक भी अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ने वाला है।
रात्रि और दिन के तापमान में गिरावट के चलते ठंडक का अहसास बढ़ गया है। गुरुवार 9 अक्टूबर को पाली सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखावाटी के सीकर में तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 16.6, अजमेर में 16.9, झुंझुनूं में 17.5, नागौर में 17.8, वनस्थली में 18.1 और भीलवाड़ा में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दौसा और बारां में 18.3 डिग्री, लूणकरणसर 18.4, चित्तौड़गढ़ 18.6, प्रतापगढ़ 18.8, जालोर 19.1, अलवर 19.2, जवाई डैम पाली 19.4, डबोक 19.4, जोधपुर 19.5, गंगानगर 19.7 और करौली 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के सभी 41 जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे है। बीकानेर में दिन का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम है। चूरू में 30.6 डिग्री, अजमेर में रात्रि का तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया है, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर महसूस होगा।