जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान रॉयल्स आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन की तैयारियों के लिए 17 मार्च से जयपुर में अपना पहला प्री-सीजन ट्रेनिंग कैंप शुरू करेगी। टीम का पूरा दल पिंक सिटी में एकत्रित होगा और यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में फिटनेस, ट्रेनिंग और नेट सेशन के साथ अभ्यास शुरू करेगा। यह पहला मौका होगा जब टीम के सभी खिलाड़ी, जिनमें नए शामिल हुए रविंद्र जडेजा और सैम करन भी शामिल हैं, एक साथ कैंप में हिस्सा लेंगे।
कैंप में टीम के हेड कोच और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के बीच तालमेल बढ़ाने, रणनीति तैयार करने और कड़ी ट्रेनिंग पर जोर दिया जाएगा। इस दौरान खिलाड़ियों के लिए स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग सेशन और मैच की तैयारी से जुड़े अभ्यास भी कराए जाएंगे।
इससे पहले कुछ खिलाड़ियों का एक छोटा समूह फ्रेंचाइजी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर, नागपुर में फिटनेस आकलन और अभ्यास सत्र में शामिल हुआ था। इस कैंप में रवि बिश्नोई , वैभव सूर्यवंशी , संदीप शर्मा और रविंद्र जडेजा ने भाग लिया था।
आईपीएल के पहले चैंपियन रह चुके राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी इस सीजन में रियान पराग करेंगे। टीम आईपीएल 2026 में अपने पहले तीन घरेलू मुकाबले गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में खेलेगी, जिसे फ्रेंचाइजी का वैकल्पिक होम ग्राउंड माना जाता है।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार टीम 26 मार्च को गुवाहाटी के लिए रवाना हो सकती है, जहां 30 मार्च को उसका पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग से होगा। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स 4 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटल्स के खिलाफ अपना पहला अवे मैच खेलेगी।
इसके बाद टीम फिर गुवाहाटी लौटेगी, जहां 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस और 10 अप्रैल को मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर बैंगलोर से भिड़ेगी। फिलहाल 12 अप्रैल तक के 20 मुकाबलों का कार्यक्रम ही जारी किया गया है, क्योंकि आगामी चुनावों को देखते हुए बाकी मैचों का शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा।