जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल मैचों की मेजबानी को लेकर चला आ रहा गतिरोध खत्म होते ही सरकार और प्रशासन हरकत में आ गया है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उन्नयन और मरम्मत कार्य तेज़ी से शुरू कर दिए गए हैं। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स अपने चार घरेलू मुकाबले इसी मैदान पर खेलेगी, जबकि पिछले सीजन तक टीम सात में से पांच होम मैच जयपुर में खेलती थी।
यह फैसला राजस्थान रॉयल्स के चेयरपर्सन रंजीत बारठाकुर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया। इस बैठक में स्टेडियम की सुरक्षा और प्रशासनिक अड़चनों पर सहमति बनी। सोमवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों की टीम के साथ स्टेडियम का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान, स्टैंड और अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। राजस्थान राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष नीरज के. पवन, आरआर के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि पहले टाटा प्रोजेक्ट्स की स्वतंत्र ऑडिट में अग्नि सुरक्षा और संरचनात्मक मजबूती को लेकर गंभीर कमियां बताई गई थीं, जिसके बाद राज्य सरकार ने पीडब्ल्यूडी से औपचारिक स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया। अब पीडब्ल्यूडी नौ अलग-अलग स्थानों पर दोबारा परीक्षण कर रहा है, ताकि स्टेडियम पूरी तरह सुरक्षित हो सके।
करीब आधे घंटे के निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने आरआर, आरएसएससी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कार्यों की रोजाना मॉनिटरिंग की जाए और उन्हें प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट दी जाए, ताकि आईपीएल जैसे बड़े आयोजन के लिए स्टेडियम समय पर पूरी तरह तैयार हो सके।