जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों ने कार्यक्रम के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित इस समारोह में पहले से छात्रों को परिवार के साथ आने और पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने का निर्देश दिया गया था, जिससे वे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
करीब 275 छात्रों को डिग्री दी जानी थी, लेकिन मंच से केवल मेडल पाने वाले लगभग 10 छात्रों को ही बुलाया गया। बाकी छात्रों को मंच पर नहीं बुलाए जाने से उनमें नाराजगी फैल गई। छात्रों का कहना था कि जब सभी को मंच से डिग्री नहीं देनी थी, तो उन्हें परिवार सहित बुलाने और ड्रेस कोड लागू करने का कोई औचित्य नहीं था।
कार्यक्रम समाप्त होते ही मुख्य अतिथि और अन्य वीआईपी के जाने के बाद छात्रों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध बढ़ता देख प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि और डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे, लेकिन लंबे भाषणों के बाद कार्यक्रम खत्म कर दिए जाने से छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।
स्थिति बिगड़ती देख विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत निर्णय बदला और डिप्टी सीएम को दोबारा मंच पर बुलाकर सभी छात्रों को एक-एक कर डिग्री देना शुरू किया गया। इस बीच छात्रा सारा इस्माइल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “बेइज्जती के बाद इज्जत देने के लिए धन्यवाद।” इस घटना के बाद विश्वविद्यालय की व्यवस्था और आयोजन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।