जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में बुजुर्ग महिलाओं को घर छोड़ने का भरोसा देकर उनके गहने चुराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुजरात से आया यह गिरोह ऑटो में बैठी महिलाओं के जरिए अकेले पैदल जा रही बुजुर्ग महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। पहले उनसे अपनापन दिखाकर घर तक छोड़ने की पेशकश की जाती और फिर मौका मिलते ही उनके गले से सोने के गहने गायब कर दिए जाते। जयपुर के भांकरोटा इलाके में इस गिरोह ने पहली वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में गिरोह के काम करने का तरीका सामने आया है। इसके सदस्य किसी नए शहर में पहुंचकर अलग-अलग इलाकों में किराए पर कमरे लेते थे। वहां तीन-चार वारदात करने के बाद पुलिस की नजर पड़ने से पहले ही दूसरे शहर या राज्य में चले जाते थे। इसी योजना के तहत गिरोह के कुछ सदस्य जयपुर पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपी बजरी मंडी रोड स्थित काली माता मंदिर के पास किराए के कमरे में रह रहे थे, जबकि गिरोह के तीन-चार अन्य सदस्य दूसरे इलाकों में ठहरे हुए थे।
मामले का खुलासा 11 नवंबर को हुआ, जब जुगल किशोर ने अपनी बुजुर्ग बहन छोटा देवी के साथ हुई लूट की शिकायत भांकरोटा थाने में दर्ज कराई। छोटा देवी डीसीएम से बस में बैठकर मजार कट पर उतरी थीं और वहां से पैदल पंचवटी कॉलोनी स्थित अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान एक ऑटो उनके पास आकर रुका। उसमें पहले से दो महिलाएं बैठी थीं। उन्होंने छोटा देवी को भरोसा दिलाया कि वे भी उसी तरफ जा रही हैं और उन्हें घर छोड़ देंगी। उनकी बातों में आकर छोटा देवी ऑटो में बैठ गईं। कमला नेहरू नगर पुलिया के पास उतरने पर उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने का ज्योल्या गायब है। तब तक आरोपी ऑटो लेकर फरार हो चुके थे।
शिकायत के बाद थाना प्रभारी दीपक त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और आरोपियों के आने-जाने का रास्ता पता लगाया। इसके बाद गुजरात के भावनगर निवासी 19 वर्षीय क्रिश सोलंकी और उसकी बुआ की बेटी कविता परमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया किराए का ऑटो भी बरामद किया है। पूछताछ में पता चला कि क्रिश अपनी पत्नी छिन्कू और बहन कविता के साथ ऑटो में घूमकर अकेली जा रही बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस अब फरार पत्नी छिन्कू और गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश कर रही है।