बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली ऐतिहासिक जीत पर बिहार की जनता का हृदय से आभार:— मदन राठौड़

Photo Source : self

Posted On:Friday, November 14, 2025

जयपुर, 14 नवंबर 2025। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली ऐतिहासिक जीत पर बिहार की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा 11 वर्षों में किए गए विकास कार्यों पर पूर्ण विश्वास जताया है। राठौड़ ने कहा कि बिजली, सड़क, रेलवे, फ्लाईओवर जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने बिहार के विकास की नई पहचान बनाई है, और जनता ने इन कार्यों को देखते हुए एनडीए को स्पष्ट जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष द्वारा की गई हल्की, नकारात्मक और भ्रामक बयानबाजी का जनता ने मतदान के माध्यम से सटीक और करारा जवाब दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्षी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि सत्ता प्राप्ति की लालसा में बने बेमेल गठबंधन को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया। जिन दलों का आपस में कोई समान विचार तक नहीं था, वे सिर्फ सत्ता के लिए एकत्र हुए थे। ऐसे बेमेल गठबंधन ने देश में भ्रम फैलाने का प्रयास किया, परंतु जनता ने उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया। राठौड़ ने विशेष रूप से कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस का 243 सीटों में से 1–2 सीटों पर संघर्ष करना इस बात का संकेत है कि उनका जनाधार लगभग समाप्ति की ओर हो चुका है। उन्हें आत्मचिंतन कर अपनी कार्यशैली और नीति में सुधार करना चाहिए। राठौड़ ने यह भी कहा कि लालू यादव के पूर्व के भ्रष्टाचार और राहुल गांधी से किए गए समझौते ने भी विपक्ष की हार को और अधिक स्पष्ट कर दिया है।

अंता विधानसभा उपचुनाव पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हार की पूर्ण जिम्मेदारी अपने पर लेते हुए कहा कि संगठन के मुखिया के रूप में यह उनकी जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अंता की जनता के जनादेश का सम्मान करती है और जहां भी त्रुटि रही होगी, उसकी समीक्षा कर सुधार किया जाएगा। उन्होंने अंता के शांतिपूर्ण मतदान के लिए जनता को धन्यवाद दिया तथा विजयी उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें जो आशीर्वाद दिया है, वे उस पर खरे उतरें। राठौड़ ने स्वीकार किया कि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम को भी समय रहते दूर नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि हमारी इच्छा थी कि जनता एक सेवाभावी, निष्कलंक और स्थानीय उम्मीदवार को प्रतिनिधित्व का अवसर दे, लेकिन जनजागृति में कमी रह गई। इस कमी की पार्टी संगठनात्मक स्तर पर गंभीर समीक्षा करेगी और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि उपचुनाव और आम चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं और अंता का परिणाम राज्य की सत्ता में किसी परिवर्तन का संकेत नहीं देता। फिर भी भाजपा इस चुनाव को सीख की तरह लेकर आगे की रणनीति को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि जैसे लॉन्ग जंप में आगे बढ़ने के लिए पहले पीछे जाना पड़ता है, उसी प्रकार भाजपा इस परिणाम को एक तैयारी के रूप में ले रही है ताकि भविष्य में और मजबूत छलांग लगाई जा सके। यदि संगठन में कोई सुधार, पुनरीक्षण या आवश्यक ‘ऑपरेशन’ करने की आवश्यकता महसूस होगी, तो पार्टी बिना हिचक उन्हें लागू करेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि एक सीट जीतकर खुशियां मनाने वालों में राष्ट्र प्रथम की भावना का अभाव स्पष्ट दिखाई देता है। यदि वास्तव में राष्ट्र सर्वोपरि होता, तो वे बिहार में अपने गठबंधन की दयनीय स्थिति पर आत्ममंथन करते। उन्होंने कहा कि ईवीएम पर आरोप लगाने और सुर्खियाँ लूटने के लिए बयान देने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.