जयपुर न्यूज डेस्क: अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद से हवाई सफर को लेकर लोगों के मन में डर बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अब जयपुर एयरपोर्ट से भी एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने यात्रियों को घबराने पर मजबूर कर दिया। सोमवार सुबह एयर अरेबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी आ गई। गनीमत रही कि ये परेशानी उड़ान भरने से पहले पकड़ में आ गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, एयर अरेबिया की फ्लाइट G9-436 सुबह 4:45 बजे शारजाह के लिए उड़ान भरने वाली थी। सभी यात्री पहले ही विमान में बैठ चुके थे और फ्लाइट रनवे पर टेकऑफ के लिए जा रही थी। तभी पायलट को कुछ गड़बड़ी का एहसास हुआ और उसने तुरंत विमान को वापस एप्रन एरिया में लाने का फैसला किया। विमान की जांच में तकनीकी खराबी पाई गई, जिसे ठीक करने में लगभग तीन घंटे लगे।
तकनीकी जांच के बाद, सुबह 7:25 बजे फिर से यात्रियों को विमान में बैठाया गया और करीब 7:46 बजे फ्लाइट ने शारजाह के लिए उड़ान भरी। विमान आखिरकार सुबह 9:25 बजे शारजाह एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। हालांकि इस देरी और असमंजस के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं और कई लोग नाराज दिखे। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से बेहतर इंतजाम की मांग की।
इससे पहले भी जयपुर एयरपोर्ट से जुड़ी दो और घटनाएं हो चुकी हैं। एक बार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में खराबी आने से यात्रियों को बिना एसी के 5 घंटे तक बैठना पड़ा था। वहीं, बेंगलुरु जाने वाली एक और फ्लाइट तकनीकी कारणों से रद्द करनी पड़ी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यात्री न सिर्फ परेशान हैं, बल्कि हवाई यात्रा को लेकर अब सवाल भी उठने लगे हैं।