जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के जवाहर नगर इलाके में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 66 साल के मोहन लाल की मौत हो गई। हादसे के समय वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रहे थे। कार उन्हें कुचलने के बाद सड़क किनारे लगे एक ठेले से जा टकराई। इसके बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मोहन लाल जवाहर नगर की सिंधी कॉलोनी कच्ची बस्ती के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के लोगों ने मोहन लाल को धूप सेंकने के लिए घर के बाहर बैठाया था। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे शांति पथ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से मोहन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े ठेले से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला करीब 10 फीट दूर जा गिरा।
हादसे के बाद आसपास के लोग कार की तरफ दौड़े, लेकिन भीड़ को अपनी ओर आते देख ड्राइवर वहां से भाग निकला। परिवार के लोग मोहन लाल को तुरंत एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवाहर नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है, जिसमें टक्कर का पूरा मामला कैद हुआ है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस कार की पहचान करने और फरार ड्राइवर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।