जयपुर/फतेहपुर, 25 अक्टूबर 2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को फतेहपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2014 के बाद भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाए हैं। आज देश में ईमानदारी, विकास और आत्मनिर्भरता की नई सोच ने जन-जन में विश्वास पैदा किया है। 2014 से पहले जहां देश में घोटालों की भरमार थी, 2G घोटाला, कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, चारा और पंडुबी जैसे घोटाले रोज अखबारों में छपते थे, लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद से देश में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले जनता का टैक्स चोरों की जेब में जाता था, आज वही पैसा विकास में लग रहा है। अब बिचौलियों की भूमिका खत्म हो चुकी है और जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश में पहले 36 प्रकार के टैक्स से व्यापारी और आम जनता परेशान रहती थी, लेकिन मोदी सरकार ने सभी टैक्सों को समाप्त कर एकल जीएसटी प्रणाली लागू की, इससे व्यापारी वर्ग को राहत मिली और व्यवस्था पारदर्शी हुई। दीपावली से पहले रोजमर्रा की वस्तुएँ सस्ती होने को भी उन्होंने सरकार की जनहितैषी नीति का परिणाम बताया। राठौड़ ने कहा कि मोदी जी ने 'हर घर स्वदेशी' और 'वोकल फॉर लोकल' का नारा देकर देश में आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें ताकि देश का धन देश में रहे और देश की प्रतिभा, मजदूर और कारीगर सशक्त बनें। उन्होंने कहा कि जब हम भारतीय वस्तुएँ खरीदेंगे तो हमारे किसान, उद्योगपति और श्रमिक सब मजबूत होंगे। यही सच्चा राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे ने तो यहां तक कह दिया था कि घोटाले करो, ये जनता सब भूल जाती है, चुनाव में इनके सामने पगडी रख दो, ये आशीर्वाद दे देती है। ऐसे लोग जब राजनीति में रहेंगे तो विकास नहीं होगा। आज पक्ष और विपक्ष को विकास की प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में बिजली, रोजगार और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। भजनलाल जी ने बिजली संकट दूर किया, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की, युवाओं को नौकरियाँ दीं और पुलिस बल को सशक्त बनाया। राठौड़ ने कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत के शासन में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था चरम पर थी। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच मतभेद जग जाहिर है, ऐसे में जो अपनी पार्टी नहीं संभाल पाए, वे जनता की सेवा कैसे करेंगे। राजस्थान के नौजवान को तो गहलोत साहब नाकारा, निकम्मा कहते है और बिहार में जाकर नौजवानों की दुहाई दे रहे है। गहलोत साहब इस तरह दोयम दर्जे की बातें नहीं चल सकती। गहलोत साहब जनता के साथ ठगविद्या करने का समय नहीं है, धरातल पर आकर जनता की सेवा करनी होगी। राठौड़ ने कहा कि आज बर्दास्त करने का नहीं, मुखर होकर विरोध करने का समय है, भ्रष्टाचार हो रहा है, विरोध करो। आप भ्रष्टाचार का विरोध करोंगे तो आप के साथ और भी लोग खड़े होंगे। अगर विरोध नहीं किया तो गुंडाराज बढ़ेगा, भ्रष्टाचार बढ़ेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जनसभा में उपस्थित लोगों को राष्ट्रनिर्माण के लिए संकल्प दिलाया कि 'मैं आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और ईमानदारी के मार्ग पर चलूंगा। मैं भारतीय उद्योगों, किसानों और कारीगरों का सहयोग करूंगा और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय योगदान दूंगा।' जनसभा में उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भडाणा, भाजपा नेता हरिराम रिणवां, भाजपा प्रत्याशी श्रवण चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।