जयपुर में आज भाजपा ने अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक तिरंगा यात्रा निकाली। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद सेना के सम्मान में निकाली गई यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी समेत कई अन्य नेता शामिल हुए। अल्पसंख्यक समुदाय ने अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक जामा मस्जिद पर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
बड़ी चौपड़ पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- हमारी सेना ने पाकिस्तान में 500 किलोमीटर तक घुसकर रावलपिंडी से आगे हमला किया। पाकिस्तानियों ने सिर्फ फुलझड़ियां चलाईं। मैं फलौदी भी गया, जहां उनकी एक मिसाइल गिरी। वह कुछ खास नहीं कर पाई। यह उनके युद्ध कौशल को दर्शाता है।
यात्रा से पहले अल्बर्ट हॉल पर मुख्यमंत्री ने कहा- पहलगाम के बाद देशवासियों के मन में जो लहर थी। हमारे जवानों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर हमला कर उन्हें शांत करने का काम किया। अब समय बदल गया है।
भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी ने कहा- भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकियों की कमर तोड़ दी है। ऐसे में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला किया है। तिरंगा यात्रा किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, यह देश का, समाज का हमारी सेना के लिए निकाला गया कार्यक्रम है। इसमें आम जनता भी शामिल होगी। तिरंगा यात्रा संभाग स्तर के साथ-साथ जिला स्तर और फिर विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से निकाली जाएगी।
इन रूटों से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा जयपुर के अल्बर्ट हॉल से शुरू हुई। यह न्यू गेट, बापू बाजार, सांगानेरी गेट होते हुए बड़ी चौपड़ पहुंची। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ समेत हजारों कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।