जयपुर, 07 नवंबर 2025। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यालय जयपुर में सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि वंदे मातरम् केवल राष्ट्रगीत नहीं, यह भारत माता के प्रति श्रद्धा, एकता और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। यह गीत हम सबको राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है और भारतीय संस्कृति की आत्मा का परिचायक है। राठौड़ ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को वंदे मातरम् का गायन अवश्य करना चाहिए। देशवासियों के बीच राष्ट्रभक्ति का जज़्बा जागृत होना चाहिए। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रजागरण का आह्वान है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज पूरे देश में जिस प्रकार देशभक्ति का सैलाब उमड़ा है, वह प्रेरणादायक है। यह राजनीतिक रूप से निरपेक्ष कार्यक्रम है, जिसे हमें जागृति अभियान के रूप में देखना चाहिए, उन्होंने कहा कि वर्ष 1875 का विशेष महत्व है, इसी वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म हुआ, भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ और 1875 को ही बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वंदे मातरम् की रचना की थी। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा परिवार के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेन्द्र सैनी, सह संयोजक प्रेम सिंह, प्रीति शर्मा, भाजपा प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यालय परिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।