जयपुर न्यूज डेस्क: वर्ल्ड मैप पर अपनी खास पहचान रखने वाले जयपुर ज्वेलरी शो में इस साल एंटीक और रग्ड ज्वेलरी सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है। सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों के चलते जेम स्टोन ज्वेलरी लोगों की पहली पसंद बनती जा रही है। ज्वेलरी एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब जेम स्टोन ज्वेलरी ही नया ट्रेंड बन चुकी है, वहीं हीरे की ज्वेलरी भी हर वर्ग के ग्राहकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में शुक्रवार से शुरू हुए इस शो में देश-विदेश से आए ज्वेलर्स अपने खास कलेक्शन के साथ नजर आ रहे हैं।
इस साल शो में कई अनोखे और भव्य आर्ट पीस आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। 250 कैरेट एमरल्ड डायमंड से सजा सेट, भगवान विष्णु के दशावतारों पर आधारित एंटीक ज्वेलरी और 35 किलो चांदी से बना ताजमहल लोगों को खासा लुभा रहा है। राम मंदिर थीम पर तैयार ज्वेलरी और ट्रेडिशनल डिजाइन वाले शोपीस को कलेक्टर्स और एंटीक ज्वेलरी पसंद करने वालों से खास सराहना मिल रही है।
ज्वेलर्स का कहना है कि बदलती डिमांड उनके लिए एक नया चैलेंज भी लेकर आई है। टाटीवालाज गहना के संचित टाटीवाला ने बताया कि इस बार गोल्ड के साथ वुडन एलिमेंट मिलाकर ज्वेलरी तैयार की गई है, जो एथनिक वियर के साथ काफी पसंद की जा रही है। कपिश ज्वेलर्स ने 150 ग्राम वजनी टेंपल एंटीक ज्वेलरी पेश की है, जिसमें लक्ष्मी जी के विभिन्न स्वरूप उकेरे गए हैं। वहीं अनूपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स ने डायमंड ज्वेलरी के साथ 9 कैरेट गोल्ड का खास कलेक्शन शोकेस किया है।
शो में महंगे और खास सेट भी चर्चा में हैं। लक्ष्मी जी की थीम पर बना 150 ग्राम का टेंपल एंटीक सेट 25 से 30 लाख रुपये तक का बताया जा रहा है। इसके अलावा करीब 1.5 करोड़ रुपये का डायमंड सेट, जिसे तैयार करने में 60 से 65 दिन लगे, भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। हैदराबाद के करणी ज्वेलर्स द्वारा तैयार 35 किलो चांदी से बना ताजमहल और 250 कैरेट एमरल्ड डायमंड से सजा सेट इस साल जयपुर ज्वेलरी शो की सबसे बड़ी खासियतों में शामिल हैं।