जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के मनोहरपुर इलाके में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामावतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार रात वह बस स्टैंड के पास स्थित अपने कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ हालत में मिले। परिजनों का आरोप है कि धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे एक व्यक्ति गोदाम पर आया था। इसके बाद रामावतार पर हमला किया गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन गोदाम पहुंचे, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जांच में यह भी सामने आया है कि रामावतार ने हमलावर से बचने की कोशिश की थी, जिसके चलते उनकी कलाई पर भी गहरा घाव मिला है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक थाने के बाहर जमा हो गए। मंगलवार सुबह परिजन और ग्रामीण मनोहरपुर थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजे की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।