जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के असर से बुधवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में दोपहर बाद बादल छा गए और कई जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई। इस दौरान धूप कमजोर पड़ने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली।
सबसे ज्यादा असर बीकानेर संभाग में देखने को मिला, जबकि जोधपुर, अजमेर और जयपुर संभागों में हल्के बादल छाए रहे। दूसरी ओर, चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार अब प्रदेश में गुरुवार से एक और स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय होने वाला है। इस नए सिस्टम के असर से 4 अप्रैल तक कई जिलों में आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। खासकर उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी जिलों में तेज हवाओं के साथ मौसम और अधिक बदल सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 5 अप्रैल के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा और प्रदेश में मौसम फिर से साफ होने लगेगा। तब तक कई हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।