गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर मदन राठौड़ का पलटवार, बोलें डोटासरा के आरोप निराधार और बेबुनियादी, वीडियो में देखें पूरा मामला

Photo Source : Self

Posted On:Wednesday, October 29, 2025

जयपुर, 29 अक्टूबर 2025: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की प्रेस वार्ता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि डोटासरा जी के दावे और भाषा न केवल निराधार हैं बल्कि वे अपने बयानों में जनता की संवेदनाओं का भी अपमान करते हैं। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा ने जिस तरीके से 'गरीब जैसे दिखते हैं' जैसे उपहास जनक तेवर अपनाए, वह अनुचित है। एक सार्वजनिक नेता को आत्म-विश्लेषण करना चाहिए, पहले अपने गिरेबान में झाँके और फिर जनता के सामने ऐसे बयान दें। कांग्रेस को विपक्ष की जिम्मेदारियाँ सीखनी चाहिए। सत्ता के लिए 'जलेबी रेस' जैसी बोलचाल और हर हाल में सत्ता पाने की हड़बड़ी लोकतंत्र के प्रति घोर अनादर है। सत्ता के बिना तड़पना ठीक नहीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा ने शिक्षा मंत्री के बारे में जो टिप्पणी की, वह असंवेदनशील है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ईमानदार, संस्कारित है। डोटासरा जी जैसे आप हो, वैसा सबको मत समझो। डोटासरा जी को थोड़ा सोच-विचार कर बयान देना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सांप्रदायिक घटनाएं होती थी, परन्तु भाजपा राज में विकास और कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने का परिणाम यह है कि सामाजिक सामंजस्य बढ़ा है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि बार-बार भड़काने की राजनीति काम नहीं करेगी। राठौड़ ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष तय करने की बात पर कहा कि कांग्रेस में ऊपर से ही पार्टी चल रही है। भाजपा का संगठन नीचे से ऊपर तक मजबूत व सक्रिय है, जनता के बीच जाकर जीते परिणाम इसका प्रमाण हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव आयुक्त और ज्यूडिशियरी के बारे में जो व्यक्तिगत बातें रखी गई — उन्हें सार्वजनिक मंच पर इस तरह प्रस्तुत करना अनुचित है। यदि चुनाव आयुक्त ने आप से कुछ व्यक्तिगत बातें की तो उसे प्रेसवार्ता में सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं है। प्रेसवार्ता में बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी, उसे तो कटना है जैसे शब्दों का उपयोग करना पूर्ण रूप से अनुचित है। नेताओं को शब्दों के चुनाव में सतर्कता रखनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि पिछले 80 पंचायत, उपचुनाव, वार्ड, परिषद और अन्य चुनावों में से 68 भाजपा द्वारा जीतना भाजपा की मजबूत पकड़ दर्शाती है। कांग्रेस द्वारा 'चुनाव से भागने' के आरोप हास्यास्पद हैं। परिणाम सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं और जनादेश का सम्मान करना चाहिए। यदि किसी को चुनावों में पराजय का अभिव्यक्ति करना है तो उसे शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से करना चाहिए। भाजपा जनादेश का स्वागत करती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करने पर ज़ोर देती है।

उन्होंने कहा कि जनता व्यर्थ की बयानबाज़ी से नहीं, काम और विकास से फैसला करती है। विपक्ष को जिम्मेदारी के साथ आलोचना करनी चाहिए। इस तरह की बयानबाजी करके समाज में विभाजन पैदा करना कोई समाधान नहीं। कांग्रेस पहले अपने हालात व अपने नेतृत्‍व की कमजोरियों का आकलन करे, फिर जनता के बीच जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार जनता के विकास, रोजगार, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विपक्ष का काम आलोचना करना है, लेकिन वह भी तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, झूठ और भ्रम पर नहीं।

राजस्थान की जनता अब कांग्रेस की नकारात्मक, जातिगत और वोट बैंक वाली राजनीति को अस्वीकार कर चुकी है। राज्य में भाजपा की सरकार जनता के विश्वास और सेवा के बल पर चल रही है, और यही लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जितना झूठ बोलेंगे, जनता उतना ही सच समझेगी। भाजपा जनता के भरोसे और राष्ट्रहित के मार्ग पर अडिग है। हमारी प्राथमिकता विकास, सुशासन और सामाजिक सौहार्द है, न कि बयानबाज़ी और भ्रम फैलाना।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.